नई दिल्ली। पहले से ही पेट्रोल और डीजल की बढ़ ही कीमतों से परेशान आम आदमी को अब प्याज भी रुलाने लगा है। आम आदमी को घर का खाना बनाना तक मुश्किल हो गया है। कुछ समय के लिए कम हुए प्याज के दाम अब फिर से रफ्तार पकड़ने लगे हैं।
दिल्ली के थोक बाजार में प्याज की कीमत 50 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है। वहीं दुकानों पर यह प्याज आम आदमी को 65 से 75 रुपये प्रति किलो तक मिल रहा है। सबसे चिंताजनक बात तो यह है कि पिछले डेढ़ महीने के दौरान ही प्याज की कीमत लगभग दोगुने रेट पर पहुंच गई है।
इस वजह से महंगा हो रहा प्याज
प्याज का रेट बढ़ने के पीछे एक नहीं बल्कि कई कारण हैं। पहला तो यह कि पेट्रोल और डीजल की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। आवाजाही और ढुलाई के बढ़ते रेट के कारण हर चीज पर इसका असर पड़ रहा है। हर खाने-पीने की चीज महंगी हो रही है।
डीजल और पेट्रोल की बढ़ती कीमतों का असर प्याज और आलू के रेट पर भी पड़ रहा है। वहीं कुछ समय पहले महाराष्ट्र में बेमौसम बरसात हुई थी और ओले भी पड़े थे। इसकी वजह से प्याज की फसल को काफी नुकसान हुआ है, जिस कारण जिसके कारण थोक मंडी में प्याज कम पहुंच रहा है और दाम बढ़ रहे हैं।