कांगड़ा। प्रदेश में कोरोना के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। संक्रमण से मौतों का आंकड़ा भी बढ़ने लगा है। पर्यटन नगरी डलहौजी में महिला लेक्चरर की कोरोना से मौत हो गई। बुधवार शाम को महिला को खांसी और सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। इसके बाद महिला की तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर महिला को इलाज के लिए सिविल अस्पताल डलहौजी पहुंचाया गया।
सिविल अस्पताल में भी महिला की सेहत में सुधार नहीं हो रहा था। इसके बाद महिला और उसके पति के सैंपल कोरोना जांच के लिए मेडिकल की लैब में भेजे थे। बुधवार रात को सिविल अस्पताल डलहौजी में महिला की एंटीजन रैपिड टेस्ट किट के जरिये कोरोना जांच की गई। इससे महिला में संक्रमण की पुष्टि हुई। महिला को एंबुलेंस के जरिए रात को ही कोविड अस्पताल चंबा रेफर किया गया।
कोविड अस्पताल चंबा पहुंचने से पहले ही महिला ने दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि महिला को निमोनिया और फेफड़े की बीमारी थी। इसी कारण ही महिला की तबीयत बिगड़ती चली गई। डलहौजी में महिला की मौत के बाद प्रशासन ने एहतियात के तौर पर डलहौजी बाजार को दो दिन तक बंद रखने के आदेश दिए हैं।
स्वास्थ्य विभाग महिला के संपर्क में आने वाले लोगों की लिस्ट तैयार कर रहा है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर राजेश ने इस मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि महिला कोरोना के साथ-साथ अन्य बीमारी से भी ग्रसित थी। उन्होंने कहा कि लोगों को कोरोना से बचने के लिए नियमों का पालन करना होगा।