नई दिल्ली। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक भैंस ने नई बनाई जा रही सड़क पर गोबर कर दिया। निगम कमिश्नर साहब को जब यह बात पता चली तो उन्होंने डेयरी मालिक को जुर्माना करने के आदेश दे दिए। भैंस मालिक बेताल सिंह ने दस हजार रुपये जुर्माना जमा भी करवा दिया है।
हुआ यूं कि ग्वालियर के डीबी सिटी रोड को बनाने का काम चल रहा था। इस दौरान निगम कमिश्नर भी सड़क का निर्माण कार्य देखने दौरे पर आए। जब वह सड़क का निरीक्षण कर रहे थे तो उसी समय वहां से गुजर रही भैंसों ने नई बनाई जा रही सड़क पर गोबर कर दिया। निगम कमिष्नर संदीप माकिन ने शीघ्र प्रभाव से भैंसों के मालिक को 10 हजार जुर्माना भरने के आदेश दिए। इसके बाद डेयरी संचालक बेताल सिंह को जुर्माना भरना पड़ा।
निगम अधिकारियों का कहना है कि सड़क पर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ एक्शन लिया जाएगा। निगम की इस कार्रवाई से लोगों में भय का माहौल है। सड़कों पर गंदगी फैलाने वालों पर नजर रखने के लिए निगम ने अपने अमले से होमगार्ड के जवान भी दिए हैं।