शिमला | हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के 56 जन्मदिन को खास बनाने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। मंगलवार दोपहर 4 बजे के करीब प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष एवं हिमफेड के चेयरमैन गणेश दत्त ने फेसबुक पर उन्होंने बधाई दी। गूगल से ली जानकारी के अनुसार 6 January 1965 को सीएम का जन्म मंडी जिले में हुआ था। प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष गणेश दत्त ने अपने बधाई संदेश में लिखा कि हिमाचल प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री, शालीन और विनम्रता से ओतप्रोत, ईमानदारी से कर्तव्य पालन करने वाले जयराम ठाकुर जी को जन्मदिन की अनंत शुभकामनाएं। भगवान आपको लम्बी आयु और उत्तम स्वास्थ्य प्रदान करें। ऐसी मेरी ओर से शुभेच्छा है। हालांकि उनकी इस फेसबुक पोस्ट पर उनके दोस्तों ने उन्हें याद दिलाया कि सीएम का जन्मदिन 6 जनवरी को है।
बता दें कि सीएम अपने जन्मदिन पर विधायकों को बडी सौगात देने वाले हैं। राज्य सरकार के एक प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर 6 जनवरी को अपने जन्मदिवस के उपलक्ष्य में विधायक ई-मित्र सेवा का शुभारम्भ करेंगे।
उन्होंने कहा कि यह सुविधा सरकार द्वारा पहले से चलाई जा रही शिखर की ओर हिमाचल मोबाइल ऐप के माध्यम से प्रदान की जाएगी। इस ऐप में एमएलए कॉर्नर नाम से विधायकों को एक अतिरिक्त टैब में विधायक ई-मित्र सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। विधायक ई-मित्र सेवा आरम्भ होने से विधायक ऑनलाइन अपने कार्य का फॉलो-अप कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि वर्तमान व्यवस्था के अनुसार, विधानसभा क्षेत्र की जनता अपने जन प्रतिनिधियों को जो मांगें रखती है, विधायक उन मांगों को मुख्यमंत्री में समक्ष रखते हैं। इसके पश्चात, उन प्रस्तावों का फॉलो-अप करने के लिए विधायकों को अन्य कार्यालय से सम्पर्क करने में बहुत अधिक समय लग जाता था।